गोड्डा। जिले में प्राप्त जन शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न माध्यमों से प्राप्त जन शिकायतों की विभागवार समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता और जवाबदेही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उपायुक्त ने लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर जांच करने, त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा समाधान से संबंधित रिपोर्ट को पोर्टल पर अद्यतन करने को कहा। साथ ही उन्होंने शिकायतकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और समाधान से उनकी संतुष्टि सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनहित से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने के निर्देश दिए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जिले के वरीय पदाधिकारी, सभी संबंधित विभागों के कार्यालय प्रधान, अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा एवं महागामा, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा अंचल अधिकारी उपस्थित रहे।













Leave a Reply