ब्रजेश राठौर
पंजवारा/बांका
गुरुवार शाम एनएच 333 ए अंतर्गत पंजवारा-गोड्डा मुख्य मार्ग पर पंजवारा दुर्गा मंदिर हटिया मोड़ के पास सड़क दुर्घटना में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।पंजवारा की तरफ से जा रहा बाइक ब्रेकर पर असंतुलित होकर गिर गई, जिससे बाइक सवार महिला विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर कुचल गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के समय साप्ताहिक हाट के कारण सड़क पर भारी भीड़-भाड़ थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
मृतका की पहचान फुल्लीडुमर थाना क्षेत्र के केंदुआर निवासी अश्वनी भगत की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह अपने पति के साथ झारखंड के गोड्डा जिला स्थित रिश्तेदार के घर गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान ब्रेकर पर बाइक असंतुलित हो गई और यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। महिला के शव को थाना लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पंजवारा बाजार में मौजूद उनके रिश्तेदार समेत अन्य परिजन भी पहुंच गए।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं ट्रक को भी जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमवार एवं गुरुवार को साप्ताहिक हाट के कारण सड़क किनारे ई-रिक्शा व अन्य वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। लोगों ने हाट के समय मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।















Leave a Reply