गोड्डा: भारत रत्न की जयंती के अवसर पर गोड्डा जिला में श्रद्धा और सम्मान के साथ उन्हें नमन किया गया। सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अधिकारियों ने उनके विचारों को याद किया और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी वैद्यनाथ उरांव सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर बाबा साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि एक महान समाज सुधारक, अर्थशास्त्री और विचारक थे। उनके द्वारा स्थापित समानता, न्याय और शिक्षा के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी बाबा साहेब ने जो संघर्ष किया, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उप विकास आयुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाकर ही समाज में समरसता और जागरूकता लाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से शिक्षा को अपनाने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन का माहौल श्रद्धा, सम्मान और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा।
बाबा साहेब को श्रद्धांजलि: गोड्डा में अंबेडकर जयंती पर गरिमामय आयोजन















Leave a Reply