रात्रि गश्ती के दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, पुलिस महकमे में शोक की लहर
ब्रजेश राठौर
पंजवारा/ बांका
बांका जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजवारा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) पुरेन्द्र कुमार सिंह की मौत हो गई। वह रात्रि गश्ती के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। कर्तव्य निर्वहन के दौरान हुई इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 11:40 बजे एसआई पुरेन्द्र कुमार सिंह पंजवारा संकट मोचन चौक के पास रात्रि गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करते समय धौरैया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक (बीआर-19जीए-9309) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसआई सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही पंजवारा थाना परिसर में मातम पसर गया।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के चीत्कार से अस्पताल परिसर गमगीन हो उठा। एसआई पुरेन्द्र कुमार सिंह अपने पीछे एक पुत्र और दो पुत्रियों को छोड़ गए हैं। बताया गया कि उनका परिवार झारखंड के देवघर में रहता है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि दुर्घटना की निष्पक्ष और गहन जांच की जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। ट्रक चालक सहित एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
वहीं गुरुवार को यातायात डीएसपी नीरज कुमार ने भी दुर्घटनास्थल का मुआयना किया।
गुरुवार को पुलिस केंद्र, बांका में शहीद एसआई पुरेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिले के वरीय पुलिस अधिकारी, जवान और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मृतक एसआई पुरेन्द्र कुमार सिंह मूल रूप से मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल जमुआ गांव के निवासी थे। ड्यूटी के दौरान उनका इस तरह असमय निधन न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे जिले के लिए अपूरणीय क्षति है।















Leave a Reply