Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

भागलपुर में नीरा बिक्री विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या

भागलपुर में नीरा बिक्री विवाद बना खूनी संघर्ष, युवक की चाकू मारकर हत्या

रिपोर्ट: खुर्रम शब्बार

भागलपुर जिले के सन्हौला थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखनचक गांव में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नीरा (ताड़ी) के पैसे को लेकर हुए विवाद में एक नशे में धुत व्यक्ति ने युवक पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव में आए दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान भीखनचक निवासी एकवारी चौधरी (30) के रूप में की गई है। घटना में उनके भाई चुनना चौधरी और भतीजे अंकित कुमार भी घायल हो गए हैं। तीनों को इलाज के लिए सन्हौला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एकवारी चौधरी को मृत घोषित कर दिया।
घटना के संबंध में घायल अंकित कुमार ने बताया कि गांव का ही रहने वाला वासुकी मंडल नीरा पीने के बाद पैसे देने से इनकार करने लगा और नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए खुद को इलाके का “बॉस” बताने लगा। ग्रामीणों द्वारा समझाने-बुझाने के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा लौटकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर वासुकी मंडल ने एकवारी चौधरी के सीने में चाकू घोंप दिया, जो आर-पार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की पिटाई कर दी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही सन्हौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!