Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

गोड्डा में 5735 छात्रों को मिली छात्रवृत्ति की मंजूरी! लंबित मामलों को जल्द निपटाने का डीसी का निर्देश

गोड्डा, 12 मार्च।

समाहरणालय स्थित सभागार में गुरुवार को जिला स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कुल 5735 छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला कल्याण पदाधिकारी सुधीर प्रसाद चौधरी से प्राप्त आवेदनों, उनके सत्यापन, स्वीकृति एवं भुगतान की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कक्षा 1 से 8 तक के 4912 तथा कक्षा 9 से 10 तक के 823 विद्यार्थियों के आवेदनों को स्वीकृति दी गई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि छात्रवृत्ति का लाभ विद्यार्थियों को शीघ्र मिल सके। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं, इसलिए इसके क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

बैठक में लंबित आवेदनों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और पोर्टल पर अपलोड दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करने का निर्देश दिया। साथ ही छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए विद्यालयों और महाविद्यालयों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने छात्रवृत्ति वितरण की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्यों को गति देने के निर्देश भी दिए।

बैठक में उप विकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला कोषागार पदाधिकारी विजय मिश्रा, विधायक प्रतिनिधिगण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!