गोड्डा। नगर परिषद क्षेत्र के दुकानदारों, व्यापारियों एवं उपभोक्ताओं के लिए 31 जुलाई (शुक्रवार) को माप-तौल एवं खाद्य सुरक्षा जागरूकता सह समाधान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष शिविर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सुभदा बैंक्वेट हॉल, गोड्डा में आयोजित होगा, जहां संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे।

शिविर में माप-तौल पदाधिकारी एवं जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी व्यापारियों और उपभोक्ताओं को माप-तौल अधिनियम, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रक्रिया, उपभोक्ता अधिकारों तथा अन्य कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देंगे। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया जाएगा और लंबित मामलों का नियमानुसार निष्पादन भी किया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शिविर की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। वहीं नगर परिषद को व्यापारिक संगठनों, प्रतिष्ठान संचालकों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

जिला प्रशासन ने नगर परिषद क्षेत्र के सभी दुकानदारों, प्रतिष्ठान संचालकों, व्यापारिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में भाग लेकर माप-तौल और खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों की सही जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं और लंबित मामलों का मौके पर ही समाधान कराएं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *