ब्लैक स्पॉट होंगे दुरुस्त, हेलमेट-सीट बेल्ट जांच होगी तेज, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

गोड्डा। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी तरीके से कार्य करने का निर्देश देते हुए घोषणा की कि 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक जिलेभर में नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा।

उपायुक्त ने सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण से जुड़े विभागों को निर्देश दिया कि जिले के सभी ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित स्थलों) की पहचान कर वहां चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर, कैट्स आई, क्रैश बैरियर, सड़क चिह्नांकन एवं स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत भी शीघ्र पूरी करने को कहा।

बैठक में जिला परिवहन विभाग को बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नाबालिग चालकों, ओवरलोड वाहनों, बिना वैध दस्तावेज तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ नियमित और सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में अनुशासन विकसित किया जाए।

पुलिस विभाग को प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों, विद्यालयों तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर यातायात व्यवस्था मजबूत करने, अवैध पार्किंग पर नियंत्रण रखने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया। वहीं सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की गोल्डन ऑवर में मदद करने वाले गुड सेमेरिटन को आगामी 15 अगस्त के अवसर पर सम्मानित करने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में शिक्षा विभाग को अभियान के दौरान जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा शपथ, जागरूकता कार्यक्रम, चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश दिए गए, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से यातायात नियमों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाई जा सके।

उपायुक्त ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा समिति के निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने, iRAD पोर्टल पर दुर्घटनाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि करने तथा प्रत्येक बैठक में विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *