श्रावणी मेला-2026: डीसी-एसपी ने बाबा मंदिर व मेला क्षेत्र का किया व्यापक निरीक्षण, व्यवस्थाओं को परखा
देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर एवं आसपास के मेला क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान वरीय अधिकारियों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान नेहरू पार्क, मनसिंघी, जालसार पार्क, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक तथा बी.एड. कॉलेज सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों, कार्यपालक अभियंताओं तथा प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान भीड़ नियंत्रण, पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं के कतारबद्ध एवं सुगम आवागमन, विधि-व्यवस्था, रूट लाइन प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, होल्डिंग एरिया तथा समग्र सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं उच्च गुणवत्ता की हों, ताकि बाबा नगरी आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित जलार्पण की सुविधा मिल सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।
