मुफ्फसिल थाना पुलिस की कार्रवाई, चोरी में प्रयुक्त बाइक और औजार भी जब्त; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गोड्डा: मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 6 समरसेबुल पंप, 2 इन्वर्टर, एक बड़ी बैट्री, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और कई औजार बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरोह लंबे समय से क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
जानकारी के अनुसार, घाट मंजवारा और लुकलुकी स्कूल से समरसेबुल पंप तथा लुकलुकी ब्राह्मण टोला के दो घरों से इन्वर्टर और बैट्री चोरी होने के बाद मुफ्फसिल थाना में तीन अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर हरना मोड़ के पास छापेमारी की गई। पुलिस को देखते ही दो युवक भागने लगे। पीछा कर एक आरोपी रतन कुमार मांझी को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पूछताछ में रतन कुमार मांझी ने अपने साथी सोनू मिर्धा के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया गया। बाद में पुलिस ने सोनू मिर्धा को भी गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान
- चोरी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल
- 6 समरसेबुल पंप
- 2 इन्वर्टर
- 1 बड़ी बैट्री
- आरी, प्लास, हथौड़ी, गड़ासा, रेंच और पेचकस सहित चोरी के औजार
पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सदर अंचल निरीक्षक मधुसूदन मोदक, मुफ्फसिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा तथा विशेष पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
