इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदली, सुल्तानगंज से लापता युवती राजस्थान में पति के साथ मिली

भागलपुर/सुल्तानगंज। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई एक युवती को पुलिस ने राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया है। जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग का निकला। पुलिस के अनुसार युवती करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से राजस्थान के धौलपुर निवासी एक युवक के संपर्क में आई थी। उस समय युवक महाराष्ट्र के पुणे में मजदूरी करता था।

पुलिस जांच में सामने आया कि सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। इसके बाद युवती अपने परिजनों को बिना कोई जानकारी दिए घर से निकलकर पुणे पहुंच गई। वहां दोनों ने आपसी सहमति से विवाह कर लिया। युवती के अचानक लापता होने पर परिजनों ने सुल्तानगंज थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान युवती की लोकेशन राजस्थान के धौलपुर जिले के सैपऊ क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से वहां पहुंचकर युवती को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवती को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए भागलपुर लाया गया है। उसका न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा। बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम विवाह का प्रतीत हो रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *