ब्रजेश राठौर
पंजवारा/बांका
पंजवारा थाना क्षेत्र के रामकोल गांव निवासी मिनी गन फैक्ट्री संचालक एवं फरार आरोपी छोटू यादव उर्फ अभिनंदन यादव के घर मंगलवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस बैंड-बाजे के साथ पहुंची और इश्तिहार चस्पा किया। इस दौरान बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, पंजवारा थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
एसडीपीओ ने बताया कि अप्रैल माह में पुलिस ने आरोपी के घर संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी फरार हो गया था और तब से उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। साथ ही उसने न्यायालय में भी आत्मसमर्पण नहीं किया।
न्यायालय से जारी इश्तिहार वारंट के अनुपालन में पुलिस मंगलवार को बैंड-बाजे के साथ आरोपी के घर पहुंची और उसके घर की दीवार पर इश्तिहार चस्पा किया। पुलिस ने सार्वजनिक रूप से आरोपी को न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी भी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर आरोपी न्यायालय में उपस्थित नहीं होता है, तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती वारंट की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
