ब्रजेश राठौर
पंजवारा /बांका
शुक्रवार को पंजवारा थाना परिसर में पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं। एसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जनता दरबार में पहुंचने पर पंजवारा थाना पुलिस द्वारा एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वहीं पंचायत के मुखिया भोला पासवान ने अंगवस्त्र देकर उनका सम्मान किया। कार्यक्रम में एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा एवं सर्किल इंस्पेक्टर कृष्णनंदन सिंह भी मौजूद रहे।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, आपसी झगड़े, असामाजिक गतिविधियों सहित अन्य समस्याएं सामने आईं। इस पर एसपी ने थानाध्यक्ष चंदन कुमार को सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि पुलिस अधिकारी सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करें। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेज और कोचिंग संस्थानों में जाकर युवाओं को जागरूक करना भी इस अभियान का हिस्सा है।
एसपी ने साइबर अपराध को लेकर आमजन को सतर्क रहने की अपील की तथा युवाओं से नशे से दूर रहने को कहा। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ समाज के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।
जनता दरबार में पंजवारा बाजार के गिरधारी सरावगी ने रात्रि पैदल गश्ती बढ़ाने का सुझाव दिया, जबकि वाल्मीकि भगत ने लहरिया कट बाइक चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मौके पर मुखिया भोला पासवान, सरपंच मुकुंद दास, पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय किशोर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता रासमोहन ठाकुर, रमेश मंडल, वाल्मीकि भगत, दुर्गेश मिश्रा, रामजी भगत, महेश मंडल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।















Leave a Reply