गोड्डा। मेहरमा थाना क्षेत्र के अमजोरा पिरोजपुर गांव में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के घर से कुल 8.940 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त कई सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक गोड्डा को गुप्त सूचना मिली थी कि अमजोरा पिरोजपुर निवासी कमल कुमार उर्फ कोको साह एवं राजेश कुमार अपने घर में अवैध गांजा की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई।
छापामारी टीम ने गांव पहुंचकर दोनों आरोपियों के घरों की तलाशी ली, जहां से गांजा के अलावा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार नाप-तौल मशीन, गांजा की पैकिंग में उपयोग होने वाली प्लास्टिक पन्नियां, सेलो टेप तथा एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल (निबंधन संख्या JH17R4862) बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मेहरमा थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 02 फरवरी 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आगे की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी लंबे समय से गांजा तस्करी के धंधे में संलिप्त थे।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी वर्ष 2020 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। छापामारी अभियान में मेहरमा थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
—














Leave a Reply