मॉडल गोदाम के रूप में चिन्हित, खाद्यान्न व्यवस्था होगी और पारदर्शी
गोड्डा।
गोड्डा जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को मजबूत, पारदर्शी और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल की गई है। झारखंड राज्य खाद्य निगम के पांडुबथान स्थित गोदाम को गोड्डा जिला का मॉडल गोदाम के रूप में चिन्हित किया गया है।
इस संबंध में गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी गोड्डा श्री बैद्यनाथ उरांव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अविनाश पूर्णेन्दु एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री दयानंद जयसवाल द्वारा संयुक्त रूप से गोदाम का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम की भौतिक संरचना, भंडारण क्षमता, खाद्यान्न की गुणवत्ता, रख-रखाव व्यवस्था, सुरक्षा मानक, अग्निशमन प्रणाली, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई तथा लोडिंग–अनलोडिंग की प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया गया।
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पांडुबथान गोदाम में उपलब्ध आधारभूत संरचना, सुव्यवस्थित भंडारण प्रणाली और तकनीकी सुविधाएं इसे मॉडल गोदाम के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह उपयुक्त बनाती हैं। मॉडल गोदाम के रूप में विकसित होने के बाद खाद्यान्न का भंडारण, वितरण एवं परिवहन और अधिक सुचारु, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से संभव होगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा मानकों के सख्त पालन, नियमित स्टॉक सत्यापन, डिजिटल रिकॉर्ड संधारण और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही गोदाम परिसर को आदर्श स्वरूप देने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
मॉडल गोदाम के रूप में पांडुबथान गोदाम के चिन्हित होने से जिले की खाद्यान्न प्रबंधन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और आम लाभुकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा सकेगा।
इस अवसर पर सहायक गोदाम प्रबंधक गोड्डा श्री विकास रंजन, झारखंड राज्य खाद्य निगम के अधिकारीगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
—















Leave a Reply