19 सितंबर को सभी प्रखंडों में धरना-प्रदर्शन की तैयारी तेज, हाट-बाजारों में जनजागरण का निर्देश

महागामा/गोड्डा, 11 सितंबर। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक MMDR 2026 को काला कानून बताते हुए झारखंड मुक्ति मोर्चा ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को महागामा प्रखंड क्षेत्र के ऊर्जानगर स्थित एक्सपर्ट गेस्ट हाउस के सभागार में JMM जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता JMM जिलाध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने की।

बैठक में 19 सितंबर 2026 को जिले के सभी प्रखंडों में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष प्रेमनंदन मंडल ने सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं सचिवों को आंदोलन की तैयारियों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का निर्देश दिया।

गांव-गांव और हाट-बाजार तक पहुंचेगा अभियान

प्रेमनंदन मंडल ने कहा कि केंद्र सरकार के इस विधेयक के बारे में आम लोगों को जानकारी देने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रखंड कमेटियों के साथ समूह बनाकर प्रचार रथ, टमाक एवं अन्य संसाधनों के माध्यम से हाट-बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार करेंगे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अभियान को केवल संगठन तक सीमित न रखते हुए जन-जन तक पहुंचाया जाए और लोगों को 19 सितंबर के धरना-प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जागरूक किया जाए।

प्रखंड अध्यक्षों से लिया तैयारियों का फीडबैक

बैठक में सभी प्रखंड अध्यक्षों ने बारी-बारी से अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही तैयारियों एवं जनजागरण अभियान की जानकारी जिलाध्यक्ष को दी। प्रेमनंदन मंडल ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया।

बैठक का संचालन जिला सचिव बासुदेव सोरेन ने किया। मौके पर केंद्रीय समिति सदस्य सह पूर्व विधायक ताला मरांडी, केंद्रीय समिति सदस्य श्रवण मंडल, पुष्पेंद्र टुडू, राजेंद्र दास, सुनील मरांडी, विनोद मुर्मू, जिला कोषाध्यक्ष महेंद्र उरांव सहित जिला समिति के पदाधिकारी, सभी वर्ग संगठनों के पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष-सचिव एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *