चोरी का माल गलाकर खपाने की तैयारी में था गिरोह, पुलिस ने दबोचा; 4 गिरफ्तार
मालिनी हाई स्कूल समेत तीन चोरीकांडों का खुलासा, सोना-चांदी के गले टुकड़े से लेकर टीवी, बैट्री व बाइक तक बरामद
रिपोर्ट:- शाहीन खान
गोड्डा। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद सामान खपाने में जुटे गिरोह पर मुफ्फसिल थाना पुलिस ने शिकंजा कसते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई में चोरी के सामान के साथ गला हुआ सोना-चांदी, टीवी, बैट्री, इनवर्टर, बाइक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार मालिनी हाई स्कूल, हरना मोड़ और माल डुमरिया में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान दियारा ओवरब्रिज के पास संदिग्ध युवकों की गतिविधि की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर रौशन कुमार साह को पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर सुमित कुमार, छोटू कुमार यादव और ज्वेलरी कारोबारी पप्पु वर्मा तक पुलिस पहुंची।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 18 ग्राम गले हुए सोने जैसे टुकड़े, करीब 225 ग्राम चांदी जैसा ढेला, पायल, नथनी, एलसीडी टीवी, बैट्री, इनवर्टर, मोटरसाइकिल, टोटो और इलेक्ट्रॉनिक तराजू समेत 16 सामान जब्त किए। चोरी के जेवर को गलाकर उसका स्वरूप बदलने की कोशिश किए जाने की बात भी सामने आई है।
पुराने मामलों ने बढ़ाई पुलिस की चिंता
गिरफ्तार आरोपियों में रौशन कुमार साह और छोटू कुमार यादव के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के फरार अन्य सदस्यों और चोरी के माल के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में आगे भी छापेमारी जारी रहेगी।
