नेत्रदान पखवाड़े में स्वास्थ्य विभाग पहुंचा वृद्धाश्रम, जांच के बाद सदर अस्पताल में नि:शुल्क होगा ऑपरेशन
रिपोर्ट:- शाहिन खान
गोड्डा। उम्र के उस पड़ाव पर, जब अपनों के सहारे और देखभाल की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की आंखों की जांच कर स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें बेहतर जिंदगी की एक नई उम्मीद दी। 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम चपरासी टोला स्थित वृद्धाश्रम पहुंची और बुजुर्गों की आंखों की जांच के साथ उन्हें नेत्रदान और आंखों की देखभाल के प्रति जागरूक किया।
जांच के दौरान चार बुजुर्गों की आंखों में मोतियाबिंद पाया गया। आंखों की जांच के बाद जब उन्हें नि:शुल्क ऑपरेशन की जानकारी मिली तो उनके चेहरों पर उम्मीद की झलक साफ दिखाई दी। अब इन बुजुर्गों का सदर अस्पताल, गोड्डा में नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया जाएगा। ऑपरेशन के साथ आवश्यक दवाइयां भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिला अंधापन नियंत्रण समिति के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान के दौरान ऑप्थाल्मिक असिस्टेंट उमेश कुमार ने वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों की आंखों की जांच की। उन्होंने बुजुर्गों को समझाया कि उम्र बढ़ने के साथ आंखों से जुड़ी समस्याएं सामान्य हो सकती हैं, लेकिन समय पर जांच और उपचार से आंखों की रोशनी को बचाया जा सकता है। उन्होंने आंखों की नियमित जांच, साफ-सफाई और किसी भी परेशानी को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
इस मौके पर जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जयशंकर ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और देखभाल केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उम्र के इस पड़ाव में छोटी-सी स्वास्थ्य समस्या भी बुजुर्गों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। ऐसे में समय पर जांच और इलाज उपलब्ध कराना बेहद जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जरूरतमंद बुजुर्गों को इलाज के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग की टीम के वृद्धाश्रम पहुंचने और आंखों की जांच किए जाने से वहां रह रहे बुजुर्गों में खुशी का माहौल रहा। किसी ने इसे अपनों की याद दिलाने वाला सहारा बताया तो किसी के चेहरे पर बेहतर रोशनी की उम्मीद नजर आई। चार बुजुर्गों को मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए जाने के बाद अब उन्हें अपनी धुंधली दुनिया फिर से साफ दिखाई देने की आस बंधी है।
अभियान के दौरान बुजुर्गों को नेत्रदान के महत्व की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि मृत्यु के बाद नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से नेत्रदान के प्रति जागरूक होने और इस मानवीय पहल से जुड़ने की अपील की।
मौके पर अर्बन कम्युनिटी फैसिलिटेटर प्रह्लाद कुमार, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी एवं वृद्धाश्रम के बुजुर्ग मौजूद रहे।
