बिना चालान खनिज परिवहन करने वाले वाहनों की होगी जब्ती, ड्रोन और जीपीएस निगरानी से कसेगा शिकंजा

Edit शाहीन खान 

गोड्डा। जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में खनन विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में बिना वैध चालान अथवा परिवहन अनुमति के खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। ऐसे वाहनों को जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज करते हुए कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अवैध खनन रोकने के लिए सूचना तंत्र को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्थानीय प्रशासन, पुलिस एवं ग्रामीण स्तर से मिलने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रखा जाए।

उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यकता अनुसार ड्रोन, जीपीएस आधारित निगरानी और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी बल दिया गया।

परिवहन विभाग को ओवरलोड वाहनों की नियमित जांच करने और निर्धारित क्षमता से अधिक खनिज ढोने वाले वाहनों पर दंडात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं पुलिस विभाग को अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए सभी विभाग मिलकर कार्य करें, ताकि जिले में अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *