गोड्डा में बढ़ते अपराध से जनता में खौफ, बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड के विरोध में 23 जुलाई को कैंडल मार्च और मशाल जुलूस
गोड्डा। जिले में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आम लोगों और व्यापारियों में भय का माहौल है। हाल ही में हुए चर्चित बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने जनआंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से 23 जुलाई (गुरुवार) को शाम 5 बजे रतौरा चौक से अशोक स्तंभ तक कैंडल मार्च और मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। पार्टी का कहना है कि गोड्डा में लगातार लूट, चैन स्नैचिंग, मोटरसाइकिल चोरी और घरों में चोरी जैसी घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पूर्व विधायक अमित मंडल ने कहा कि बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, बढ़ते अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और व्यापारियों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।
भाजपा ने जिले के सभी वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में कैंडल मार्च और मशाल जुलूस में शामिल होकर अपराध के खिलाफ एकजुटता का परिचय दें।
भाजपा का कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध पर नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
