उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव की पहल, दुमका में आयात-निर्यात कारोबार के लिए 22 जुलाई को विशेष IEC पंजीकरण सह जागरूकता शिविर
दुमका। झारखंड सरकार के उद्योग, श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव की पहल पर राज्य में उद्यमिता एवं आयात-निर्यात कारोबार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, दुमका द्वारा 22 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे IEC (Importer-Exporter Code) पंजीकरण सह जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) संचालकों, व्यवसायियों, स्टार्टअप उद्यमियों तथा नए कारोबार शुरू करने के इच्छुक लोगों को आयात-निर्यात से संबंधित नियमों, प्रक्रियाओं और सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही इच्छुक प्रतिभागियों का IEC (इम्पोर्टर-एक्सपोर्टर कोड) पंजीकरण भी मौके पर किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार के आयात-निर्यात व्यवसाय के लिए IEC एक अनिवार्य दस्तावेज है। इसके माध्यम से उद्यमी राष्ट्रीय सीमाओं से बाहर भी अपने उत्पादों का व्यापार कर सकते हैं तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक अपनी पहुंच बना सकते हैं।
शिविर में पंजीकरण कराने के लिए इच्छुक आवेदकों को पासपोर्ट आकार का फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बिजली बिल तथा कैंसिल चेक अपने साथ लाना होगा। सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने पर पंजीकरण प्रक्रिया आसानी से पूरी की जाएगी।
जिला उद्योग केंद्र ने जिले के सभी छोटे-बड़े उद्यमियों, व्यापारियों एवं एमएसएमई इकाइयों से अपील की है कि वे इस विशेष शिविर में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर सरकार की इस पहल का लाभ उठाएं। विभाग का मानना है कि इस अभियान से जिले में निर्यात आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, नए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
