गोड्डा। बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड की जांच को लेकर पूर्व विधायक अमित मंडल ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस अपनी जांच अपने तरीके से कर रही है, इससे किसी को आपत्ति नहीं है, लेकिन जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस को हर महत्वपूर्ण सवाल का जवाब देना होगा।

अमित मंडल ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे संदिग्धों की कद-काठी और पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की उम्र व शारीरिक बनावट में अंतर दिखाई देता है। ऐसे में पुलिस को स्पष्ट करना चाहिए कि गिरफ्तार व्यक्ति की घटना में क्या भूमिका है और उसे किन साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने पुलिस के मोटरसाइकिल संबंधी बयानों में भी विरोधाभास होने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि एक ओर प्रेस विज्ञप्ति में बरामद बाइक को घटना में प्रयुक्त बताया गया, जबकि बाद में पुलिस अधीक्षक के बयान में दूसरी बाइक के इस्तेमाल की बात कही गई।

पूर्व विधायक ने यह भी दावा किया कि अब तक पीड़ित पक्ष को गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान के लिए न तो बुलाया गया है और न ही पहचान कराई गई है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस के पास पर्याप्त साक्ष्य हैं तो उन्हें सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया जाए, ताकि जांच पर उठ रहे सवालों का जवाब मिले और आम जनता का पुलिस पर विश्वास बना रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *