उपायुक्त अंजली यादव ने दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव जाकर देगा शिक्षा और सुरक्षा का संदेश
गोड्डा, 10 मार्च।
जिले में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय परिसर से “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव ने रथ को रवाना करते हुए कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए बेटियों का सम्मान और उनकी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान का मकसद केवल बालिकाओं के जन्म को प्रोत्साहित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करना भी है। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए और बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
उपायुक्त ने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जाकर लोगों को बालिकाओं की शिक्षा के महत्व, कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम तथा महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा के प्रति जागरूक करेगा। रथ के माध्यम से गांव-गांव में पोस्टर, पंपलेट, ऑडियो संदेश और जनसंवाद के जरिए लोगों तक जागरूकता संदेश पहुंचाया जाएगा। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी पूर्णिमा कुमारी, पोड़ैयाहाट के प्रखंड विकास पदाधिकारी फुलेश्वर मुर्मू सहित समाहरणालय के कई कर्मी उपस्थित रहे।















Leave a Reply