गोड्डा। जिले में कार्यरत चौकीदारों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को स्थानीय पुलिस लाइन सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने की।
बैठक में जिले के सभी चौकीदारों को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से प्रशिक्षण देने की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त अंजली यादव ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौकीदारों को उनके दायित्वों, कर्तव्यों तथा प्रशासनिक व्यवस्था में उनकी भूमिका के बारे में समुचित प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि वे अपने कार्यों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकें।
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने कहा कि चौकीदार ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन और पुलिस के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े बुनियादी पहलुओं, सूचना संकलन, आपदा की स्थिति में सहयोग तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए तथा इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि प्रशिक्षण प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इस अवसर पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह जिला नजारत उपसमाहर्ता अविनाश पूर्णेन्दु सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।















Leave a Reply