गोड्डा, 07 मार्च।
मेहरमा थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान भाभी पर देशी कट्टा तानने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके पास से एक अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 6 मार्च 2026 को मेहरमा थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय सुहागिनी बेसरा ने थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया कि पारिवारिक विवाद के दौरान उनके देवर अगस्टीन मरांडी ने जान से मारने की नीयत से उन पर देशी कट्टा तान दिया।
आवेदन के आधार पर मेहरमा थाना कांड संख्या 32/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अगस्टीन मरांडी (19 वर्ष), पिता सोरेन मरांडी उर्फ सुरेन्द्र मरांडी, निवासी व थाना मेहरमा, जिला गोड्डा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक अवैध देशी पिस्तौल भी बरामद की है।
छापामारी दल में शामिल अधिकारी:
थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर के नेतृत्व में मनोज कुमार निराला, ब्रह्मा सिंह, मनोज कुमार रंजन सहित मेहरमा थाना के रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।















Leave a Reply