गोड्डा। झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक परीक्षा 2026 के निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव ने बसंतराय प्रखंड के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एम.एस. बसंतराय, एम.ए.के. आज़ाद इंटर कॉलेज तथा एम.ए.के. आज़ाद डिग्री कॉलेज का दौरा कर परीक्षा व्यवस्था की गहन जांच की।
निरीक्षण के दौरान बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण, उत्तरपुस्तिका संधारण, सीसीटीवी निगरानी, दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती सहित सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कदाचार के मामले में मीडिल स्कूल बसंतराय के शिक्षक मोहम्मद नौशाद आलम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। वहीं एम.ए.के. आज़ाद इंटर कॉलेज में मोहम्मद रेमान अंसारी को मोबाइल से नकल करते पकड़ा गया तथा एम.ए.के. आज़ाद डिग्री कॉलेज में पुतुल कुमार साह को पूर्जा से नकल करने के आरोप में परीक्षा से निष्कासित किया गया। इसके अलावा इंटर कॉलेज में सीसीटीवी निगरानी के दौरान शशि कुमार को भी मोबाइल से नकल करते पकड़ा गया, जिन्हें तत्काल बाहर कर दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ संपन्न हो। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा किसी भी अनियमितता पर त्वरित कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।















Leave a Reply