Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

आधार सेवाओं को दुरुस्त करने के लिए सख्त हुए उपायुक्त

गोड्डा में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक, लापरवाह केंद्रों पर कार्रवाई के निर्देश

शाहीन खान

गोड्डा।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी गोड्डा श्रीमती अंजली यादव की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति (DLAMC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित आधार सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो आधार नामांकन केंद्र सुचारू रूप से कार्य नहीं कर रहे हैं, वहां तत्काल नए आधार ऑपरेटर की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही आधार नामांकन की गति बढ़ाने के लिए डीपीओ, यूआईडीएआई गोड्डा को नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर होगा 0–5 वर्ष के बच्चों का आधार पंजीकरण

बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं को प्रशिक्षण दिलाकर यूआईडीएआई की परीक्षा उत्तीर्ण कराई जाए, ताकि वे यूआईडीएआई सुपरवाइजर प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकें। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का आधार पंजीकरण संभव हो सकेगा।

इसके अलावा जिन यूआईडीएआई सुपरवाइजरों की आईडी अब तक सक्रिय नहीं हुई है, उसे शीघ्र सक्रिय कराने के लिए यूआईडीएआई रांची को उपायुक्त स्तर से पत्राचार करने का निर्देश दिया गया।

त्रुटिपूर्ण आधार सुधार और नियमित संचालन पर जोर

उपायुक्त ने त्रुटिपूर्ण आधार कार्ड के शीघ्र निराकरण, नए आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा प्रज्ञा केंद्रों, पंचायत भवनों, स्कूलों एवं डाकघरों में आधार केंद्रों का नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में अपर समाहर्ता श्रीमती प्रेमलता मुर्मू, सिविल सर्जन डॉ. एस.सी. शर्मा, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री जे.पी.एन. चौधरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती पूर्णिमा कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती मिथिला टुडू, एलडीएम श्री चंदन कुमार चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!