थाना प्रभारी शैलेश कुमार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गुमला।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को गुमला जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर थाना प्रभारी शैलेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चैनपुर थाना क्षेत्र से जुड़े एक मामले में थाना प्रभारी द्वारा अवैध रूप से रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एसीबी को मिली थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके काम के निष्पादन के बदले 30 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीबी ने गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद एसीबी की टीम ने पूरी योजना के साथ ट्रैप की कार्रवाई की। तय समय और स्थान पर जैसे ही थाना प्रभारी शैलेश कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
एसीबी ने थाना प्रभारी के पास से 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके उपरांत आरोपी थाना प्रभारी को आगे की कार्रवाई के लिए रांची ले जाया गया।
एसीबी की इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
—















Leave a Reply