गोड्डा, 14 फरवरी:
ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को राहुल कुमार झा की अपाची मोटरसाइकिल (रजि० नं० JH18M4650) परासी चौक से चोरी हो गई थी। इस संबंध में ठाकुरगंगटी थाना कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर संदेह के आधार पर मो. सफीक मंसुर उर्फ कैला (उम्र 30 वर्ष, ग्राम रूंजी) से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने अपने साथी सोहित कुमार यादव (ग्राम बस्ता) एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर ठाकुरगंगटी, मेहरामा और बोआरीजोर के हटिया बाजार व भीड़-भाड़ वाले इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चार मोटरसाइकिल बरामद की गई, जिनमें एक टीबीएस अपाची (JH18M4650), एक होंडा एसपी (बिना नंबर प्लेट), एक हीरो सुपर स्प्लेंडर (बिना नंबर प्लेट) तथा एक हीरो स्प्लेंडर प्लस (बिना नंबर प्लेट) शामिल है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पु०अ०नि राजन कुमार राम, पु०अ०नि अमन कुमार, पु०अ०नि अशोक शर्मा एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाना को दें, ताकि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।















Leave a Reply