गोड्डा, 07 अप्रैल 2026:
गोड्डा पुलिस ने पथरगामा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-133 पर हुई सनसनीखेज लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट की अधिकांश रकम, हथियार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 03 अप्रैल 2026 को गांधीग्राम महुआसोल के समीप NH-133 पर मोटरसाइकिल से गोड्डा जा रहे एक व्यवसायी से दो बाइक पर सवार पांच अज्ञात अपराधियों ने हथियार के बल पर 4,50,000 रुपये की लूट कर ली थी। इस मामले में कमल किशोर सिंह के लिखित आवेदन पर पथरगामा थाना में कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
युगल किशोर यादव, कृष्णा यादव उर्फ जगा, संजीव कुमार यादव उर्फ घोल्टा, ब्रह्मदेव तांती और सूरज कुमार भगत। सभी आरोपी पथरगामा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
बरामदगी:
- 4,06,700 रुपये नकद
- एक देशी कट्टा
- एक गोली
- एक मोटरसाइकिल
इस कार्रवाई में पथरगामा पुलिस एवं तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस निरीक्षक विष्णुदेव चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने महज कुछ ही दिनों में मामले का खुलासा कर दिया।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल लूटकांड का पर्दाफाश हुआ है, बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत हुआ है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।















Leave a Reply