संतमत महाधिवेशन में मंत्री संजय यादव की मौजूदगी से बढ़ा आयोजन का सम्मान
कोरका घाट में संतमत जिला महाधिवेशन का भव्य समापन
गोड्डा (झारखंड)।
कोरका घाट में आयोजित संतमत जिला महाधिवेशन का समापन भव्य, अनुशासित और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस महाधिवेशन में झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा और सम्मान को और ऊंचा कर दिया। उनके सभा स्थल पर पहुंचते ही श्रद्धालुओं और संतमत अनुयायियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
राजनीतिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ सामाजिक और आध्यात्मिक आयोजनों में मंत्री संजय यादव की सक्रिय भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि वे समाज के हर वर्ग से जुड़कर चलने वाले जननेता हैं। उपस्थित लोगों का मानना था कि मंत्री की मौजूदगी से महाधिवेशन को विशेष पहचान और व्यापक महत्व प्राप्त हुआ।
महाधिवेशन में झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव के अलावा पूर्व कांग्रेस सांसद मो• फुरकान अंसारी, सियाराम भगत सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मंच पर पूर्व गोड्डा विधायक अमित मंडल ने सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
कार्यक्रम का सबसे खास और चर्चा का विषय वह क्षण रहा, जब पूर्व गोड्डा भाजपा विधायक ने गोड्डा राजद विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव को सॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस दृश्य को उपस्थित लोगों ने आपसी सौहार्द, राजनीतिक शालीनता और लोकतांत्रिक मर्यादा का प्रतीक बताया।
इसके अलावा पूर्व कांग्रेस सांसद मो• फुरकान अंसारी सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों को भी सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। महाधिवेशन के दौरान संतमत परंपरा, सामाजिक समरसता, भाईचारे और नैतिक मूल्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज को जोड़ने का कार्य होता है और सकारात्मक संदेश जन-जन तक पहुंचता है।
महाधिवेशन में बड़ी संख्या में संतमत अनुयायी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। आयोजन स्थल पर श्रद्धा, अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग की सराहना की गई।















Leave a Reply