उधवा/साहिबगंज।
राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत मनिहारी टोला भट्ठा में मंगलवार सुबह जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। अस्थायी मकान निर्माण कर रहे एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया गया। मृतक की पहचान कार्तिक मंडल (40) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे कार्तिक मंडल अपने जले हुए घर के स्थान पर अस्थायी छत के लिए टीन लगा रहे थे। इसी दौरान झकसु घोष, सपन घोष, पवन घोष, बीफल घोष, हरिबोल घोष समेत अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने कार्तिक मंडल को घर से घसीटकर सड़क पर ले जाकर बेरहमी से पीटा।
घटना में बीच-बचाव करने पहुंची मृतक की भाभी संपा देवी को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल कार्तिक मंडल को परिजन इलाज के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि बीते 7 जनवरी की रात मनिहारी टोला भट्ठा में हुए भीषण अग्निकांड में दर्जनों घर जलकर राख हो गए थे। इस हादसे में कार्तिक मंडल का घर भी पूरी तरह जल गया था, जिसके बाद वह पत्नी और बच्चों के साथ त्रिपाल के नीचे जीवन यापन कर रहे थे।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उधवा–सिरासीन मुख्य सड़क को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और टायर जलाकर घंटों विरोध प्रदर्शन किया। सूचना पर राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए झकसु घोष समेत तीन आरोपियों को बहियार से खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि 18 जनवरी को भी जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसका मामला थाने तक पहुंचा था। विवाद सुलझ नहीं पाने के कारण यह दुखद घटना घटी।
कार्तिक मंडल की मौत से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
—















Leave a Reply