वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी का केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार
रिपोर्ट: शाहीन खान
रांची।
केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आम जनता, किसानों, युवाओं और छात्र-छात्राओं की उम्मीदों पर पूरी तरह से खरा नहीं उतरता। यह जनहित का नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाला और गरीब व मध्यम वर्ग की अनदेखी करने वाला बजट है।
फुरकान अंसारी ने कहा कि आज देश का किसान कर्ज़ के बोझ, महंगे बीज-खाद, सिंचाई संकट और फसलों का उचित मूल्य न मिलने से जूझ रहा है, लेकिन बजट में न तो न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी दी गई है और न ही कर्ज़ माफी की कोई व्यवस्था की गई है। किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी कोई ठोस रोडमैप सामने नहीं आया, जो सरकार की किसान विरोधी नीति को उजागर करता है।
उन्होंने युवाओं और छात्र-छात्राओं के मुद्दे पर कहा कि शिक्षा लगातार महंगी होती जा रही है और बेरोज़गारी ऐतिहासिक स्तर पर है, इसके बावजूद बजट में रोजगार सृजन, प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई।
महंगाई को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार से त्रस्त है। रसोई से लेकर रोज़मर्रा की ज़रूरतों तक हर चीज़ महंगी होती जा रही है, लेकिन बजट में इससे राहत देने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
अंत में फुरकान अंसारी ने कहा कि यह बजट साफ तौर पर आम जनता के लिए नहीं, बल्कि चुनिंदा पूंजीपतियों और बड़े कॉर्पोरेट समूहों के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। जो बजट गरीब, किसान और युवा को नज़रअंदाज़ करता हो, उसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस इस जनता विरोधी बजट के खिलाफ लगातार आवाज़ उठाती रहेगी।















Leave a Reply