दुमका–हंसडीहा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक रफ्तार की लापरवाही ने एक परिवार का सहारा छीन लिया। जामा थाना क्षेत्र अंतर्गत लकड़ा पहाड़ी गांव के पास भागलपुर से दुर्गापुर जा रही कालिका बस ने दुमका की ओर से आ रहे लूना बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला दृश्य सामने आया। बस के नीचे फंसी लूना बाइक को चालक करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता रहा। इस दौरान बस के अंदर फंसी बाइक से चिंगारी और आग की लपटें निकलती रहीं, जिससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि आग ने विकराल रूप नहीं लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस चालक महारो पहुंचकर बस खड़ी कर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान राजकिशोर दास (पिता—सुसाहद दास), निवासी कुरूमटांड गांव, नवाडीह पंचायत, जामा प्रखंड के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मुखिया राजू पुजहर और स्थानीय ग्रामीणों ने जामा थाना को जानकारी दी। थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बस और लूना बाइक दोनों को जब्त कर लिया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, वहीं फरार बस चालक की तलाश जारी है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल खड़े करता है—क्या सड़कों पर मौत यूं ही दौड़ती रहेगी?















Leave a Reply