शाहीन खान
गोड्डा:
गोड्डा जिले में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जिला अध्यक्ष सुरेश यादव की तबीयत अचानक गंभीर रूप से बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि स्नान के बाद वे नाश्ते के लिए बैठे ही थे कि अचानक उनकी आंखें बंद हो गईं और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद हार्ट अटैक की पुष्टि की। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें तुरंत दुर्गापुर रेफर कर दिया। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए गोड्डा से राजद विधायक एवं झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव ने बताया कि सुरेश यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने की सूचना मिलते ही वे रांची से गोड्डा सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से संपर्क कर इलाज की पूरी जानकारी ली और हरसंभव बेहतर उपचार सुनिश्चित कराने का भरोसा दिलाया।
राजनीतिक और सामाजिक हलकों में सुरेश यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता का माहौल है। राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पार्टी के स्थानीय नेताओं का कहना है कि सुरेश यादव लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे हैं और उनका अचानक इस तरह बीमार पड़ना सभी के लिए चौंकाने वाला है।
फिलहाल सभी की निगाहें दुर्गापुर में चल रहे इलाज पर टिकी हुई हैं, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।















Leave a Reply