23 फरवरी को होगा मतदान, 27 फरवरी को मतगणना
रांची। झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म हो गया है। राज्य चुनाव आयोग ने नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 की अधिसूचना जारी कर दी है। आयोग के अनुसार राज्यभर के नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में 23 फरवरी 2026 (सोमवार) को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को मतगणना होगी। अधिसूचना जारी होते ही प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
चुनावी कार्यक्रम (शेड्यूल) जारी
राज्य चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव की पूरी समय-सारिणी इस प्रकार है—
निर्वाचन की सूचना प्रकाशन:
28 जनवरी 2026 (बुधवार), पूर्वाह्न 11:00 बजे
नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की तिथि:
29 जनवरी 2026 (गुरुवार) से 4 फरवरी 2026 (बुधवार)
(पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक)
नाम निर्देशन पत्रों की जांच:
5 फरवरी 2026 (गुरुवार)
(पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक)
नाम वापसी की अंतिम तिथि:
6 फरवरी 2026 (शुक्रवार)
(पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक)
चुनाव चिह्न आवंटन:
7 फरवरी 2026 (शनिवार)
(पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक)
मतदान की तिथि:
23 फरवरी 2026 (सोमवार)
(प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक)
मतगणना:
27 फरवरी 2026 (शुक्रवार), प्रातः 8:00 बजे से
आचार संहिता और सुरक्षा व्यवस्था
अधिसूचना जारी होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी जाएगी। चुनाव आयोग ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।
राजनीतिक सरगर्मी तेज
नगर निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी प्रमुख राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन शुरू हो चुका है। स्थानीय मुद्दे जैसे साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नाली और शहरी रोजगार चुनाव में प्रमुख मुद्दा रहने की संभावना है।
आने वाले चुनावों का संकेतक
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि नगर निकाय चुनाव आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। शहरी मतदाताओं के रुझान पर सभी दलों की नजर टिकी हुई है।
राज्य चुनाव आयोग ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या आचार संहिता उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।















Leave a Reply