Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

गोड्डा में गणतंत्र दिवस को लेकर अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल सम्पन्न

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्था पर विशेष जोर

गोड्डा। गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को स्थानीय गांधी मैदान में अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल सह परेड पूर्वाभ्यास का आयोजन किया गया। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने संयुक्त रूप से रिहर्सल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पुलिस बल, आईआरबी की टुकड़ी, महिला-पुरुष पुलिस जवानों, गृह रक्षा वाहिनी एवं विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने परेड के दौरान शारीरिक दूरी, अनुशासन एवं एकरूपता का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मैदान की साफ-सफाई, मंच सजावट, रंग-रोगन, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था को समय पर पूर्ण करने पर बल दिया। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना के साथ शांतिपूर्ण तरीके से गणतंत्र दिवस मनाएं तथा प्लास्टिक के झंडों का प्रयोग न करें।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्ण अनुशासन के साथ स्वच्छ वर्दी में समारोह में भाग लेने का निर्देश दिया। उन्होंने शेष कमियों को शीघ्र दूर करने, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर परेड की सलामी, मार्च-पास्ट, झंडोतोलन, मंच व्यवस्था, अतिथियों के आगमन-प्रस्थान, सांस्कृतिक कार्यक्रम, यातायात, अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, स्वच्छता, सीसीटीवी निगरानी एवं मीडिया व्यवस्था सहित सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं त्रुटिरहित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस की तैयारियों के तहत 18 जनवरी से परेड का पूर्वाभ्यास किया जा रहा था, जिसका अंतिम अभ्यास शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को पूर्वाह्न 9:05 बजे ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडे सिंह द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा।

 

 

 

 

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!