Eadit By. शाहीन खान
गोड्डा जिला अंतर्गत पथरगामा थाना क्षेत्र में महिला पर गोली चलाने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक, गोड्डा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह मामला हत्या की साजिश से जुड़ा हुआ है, जिसमें महिला के पति ने ही अपनी पत्नी की हत्या कराने के लिए सुपारी दी थी।
घटना 17 जनवरी 2026 की संध्या पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम चौक–महागामा–गोड्डा मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक सवार अपराधियों ने मोटरसाइकिल से जा रही महिला पर गोली चला दी। इस संबंध में वादिनी-सह-घायल बंदना कुमारी (उम्र लगभग 35 वर्ष), पति–संतोष कुमार साह, के बयान पर पथरगामा थाना कांड संख्या 13/26, दिनांक 18 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोड्डा के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गोड्डा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी, भौतिक एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में
1. श्याम कुमार साह (निवासी–जनमोहम्दपुर, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर, बिहार),
2. सुधांशु कुमार साह (निवासी–सिकरगढ़ टोला, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर, बिहार) एवं
3. मो० आरिफ (निवासी–काजीपुर, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर, बिहार) शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वादिनी के पति, जो बिहार में न्यायिक सेवा में कार्यरत हैं, का वादिनी के साथ गोड्डा परिवार न्यायालय में मामला चल रहा था। पत्नी से छुटकारा पाने के लिए पति ने 2 लाख रुपये में हत्या की सुपारी दी थी। अभियुक्तों ने पैसा लेकर योजना के तहत 17 जनवरी 2026 को गांधीग्राम चौक के पास चलती मोटरसाइकिल पर वादिनी को जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
पुलिस ने घटना स्थल से गोली का अगला भाग, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक देसी कट्टा, तीन हेलमेट एवं तीन मास्क बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस सफल कार्रवाई में कई थाना प्रभारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं तकनीकी शाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह घटना जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली जरूर थी, लेकिन पुलिस की तत्परता से बड़ी साजिश का पर्दाफाश हो सका।















Leave a Reply