दुमका। जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरिया के पास गुरुवार देर रात सनसनीखेज चाकूबाजी की घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। तातलोई मेला से बाइक से लौट रहे दो किशोर और एक किशोरी को बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने किशोरी से छेड़छाड़ की, जिसका विरोध करने पर तीनों पर चाकू से हमला कर दिया गया।
इस हमले में किशोर लखींद्र की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई। उसे तथा घायल किशोर डेविड और किशोरी को आनन-फानन में फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने लखींद्र को मृत घोषित कर दिया। डेविड और किशोरी का इलाज जारी है, दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ विजय कुमार महतो अस्पताल पहुंचे और घायलों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला छेड़छाड़ के विरोध में किए गए हमले का बताया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
—















Leave a Reply