गोड्डा कादवाटोला में खौफनाक वारदात: पति-पत्नी से मारपीट, महिला से बदसलूकी का आरोप
गोड्डा (झारखंड):
Godda जिले के कादवाटोला मोहल्ले में बुधवार सुबह करीब 8:40 बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित दंपति ने अपने पड़ोसियों पर बेरहमी से मारपीट, महिला के साथ बदसलूकी, और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। दंपति का कहना है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
पीड़िता अनीता भारती (पति: विनय कुमार, निवासी कादवाटोला) के अनुसार, आरोपी गंगाधर यादव और रणवीर यादव ने पहले सरकारी स्ट्रीट लाइट जलने से रोका। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने हमला कर दिया। महिला का आरोप है कि उसे अकेला पाकर बदसलूकी की गई, फिर पति-पत्नी दोनों को सड़क पर घसीटकर पीटा गया, इतना ही नहीं घर में घुसकर भी मारपीट की गई।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने मार कर फेंक देने की धमकी दी, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। दंपति का दावा है कि घटना का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है, जिसे सबूत के तौर पर प्रशासन को सौंपने की तैयारी है।
थाने में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद तत्काल ठोस कार्रवाई नहीं होने से आहत दंपति ने जिला प्रशासन के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी दी है। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपियों से संपर्क नहीं हो पाया था और उनका पक्ष सामने नहीं आ सका है।
अब देखना यह होगा कि उपलब्ध सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और क्या पीड़ित दंपति को समय रहते न्याय मिल पाता है या नहीं।














Leave a Reply