Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

गोड्डा में हिट एंड रन स्कीम पर जागरूकता कार्यक्रम

गोड्डा। जिला परिवहन कार्यालय के तत्वावधान में शहर स्थित हीरो शोरूम परिसर में हिट एंड रन स्कीम को लेकर एक विस्तृत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों, वाहन चालकों एवं शोरूम में आने वाले ग्राहकों को सड़क दुर्घटना की स्थिति में पीड़ितों को मिलने वाली सरकारी सहायता तथा कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी एवं परिवहन विभाग के कर्मियों ने बताया कि हिट एंड रन स्कीम के अंतर्गत अज्ञात वाहन से हुई दुर्घटना या वाहन चालक के फरार हो जाने की स्थिति में मृतक अथवा घायल व्यक्ति के परिजनों को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित राहत उपलब्ध कराना और उन्हें न्यायोचित सहायता दिलाना है।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि योजना के तहत दुर्घटना में मृत्यु होने अथवा गंभीर रूप से घायल होने की स्थिति में निर्धारित मुआवजा राशि प्रदान की जाती है। साथ ही आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, संबंधित कार्यालय एवं समय-सीमा की जानकारी भी सरल शब्दों में समझाई गई।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों को यह भी बताया गया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं कानूनी दायित्व है। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन पर विशेष जोर दिया गया। हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में पंपलेट के माध्यम से भी हिट एंड रन स्कीम एवं सड़क सुरक्षा से संबंधित जानकारी वितरित की गई। जिला परिवहन कार्यालय ने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को सड़क सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देने की बात कही।

मौके पर जिला परिवहन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, हीरो शोरूम के प्रतिनिधि, वाहन खरीदने आए ग्राहक तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!