नालसा के तहत गोड्डा में ड्रग्स मुक्त भारत अभियान की विशाल जागरूकता रैली, 12 जनवरी तक चलेगा अभियान
गोड्डा।
ड्रग्स के खिलाफ जंग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को गोड्डा में नालसा (नशे के प्रति जागरूकता एवं नशा मुक्त भारत योजना) 2025 के तहत भव्य जन-जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली व्यवहार न्यायालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शहीद स्मारक स्थल पहुंची, जहां यह सभा में तब्दील हो गई।
रैली को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रमेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार दूबे एवं परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री अनिल कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सभा को संबोधित करते हुए पीडीजे श्री रमेश कुमार ने कहा कि नशा आज एक राष्ट्रीय समस्या बन चुका है, जो समाज और परिवार दोनों को बर्बादी की ओर धकेल रहा है। नशा समाज को घुन की तरह खोखला कर रहा है। इसे रोकने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। नशा के शिकार युवाओं और तबाह परिवारों की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। यह अभियान 12 जनवरी तक लगातार चलेगा।
परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री अनिल कुमार पांडेय ने कहा कि बड़े-बड़े शिक्षण संस्थानों के आसपास खुलेआम ड्रग्स की बिक्री चिंता का विषय है। नशा एक गंभीर सामाजिक विकृति है। इससे निपटने के लिए बच्चों के पाठ्यक्रम में ही नशा विरोधी शिक्षा को शामिल करना आवश्यक है। महिलाओं पर नशे का सबसे अधिक दुष्प्रभाव पड़ता है।
उप विकास आयुक्त श्री दीपक कुमार दूबे ने कहा कि नशे के कारण अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। नशा मुक्ति को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान की आवश्यकता है। नशे से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की भी व्यवस्था की जाएगी।
इस मौके पर अधिवक्ता संघ के महासचिव योगेश चंद्र झा ने भी अपने विचार रखे। धन्यवाद ज्ञापन स्थाई लोक अदालत के सदस्य डॉ. नीरज कुमार मिश्रा ने किया, जबकि मंच संचालन साथी संस्था के निदेशक कालेश्वर मंडल एवं मीडिएटर दिलीप कुमार झा ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव दीपक कुमार, सभी न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, एनजीओ, अधिकार मित्र, पैनल अधिवक्ता, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की सहभागिता सराहनीय रही।















Leave a Reply