गोड्डा। जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। उपायुक्त, गोड्डा के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय परिसर में जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस दौरान जिला सामाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा ने जरूरतमंदों को कंबल प्रदान कर ठंड से राहत दिलाई।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं नगर परिषद के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण का कार्य कर रहे हैं, ताकि शीतलहर के दौरान किसी को परेशानी न हो।
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सार्वजनिक स्थलों, आश्रय गृहों, प्रमुख चौक-चौराहों और चिन्हित बस्तियों में कंबल वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही ठंड से बचाव के लिए प्रमुख स्थानों पर संध्या के समय अलाव की व्यवस्था भी की गई है।
इस अवसर पर उपायुक्त ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि बढ़ती ठंड को देखते हुए सभी लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतें। गर्म एवं ऊनी कपड़ों का उपयोग करें, अनावश्यक रूप से ठंड में बाहर निकलने से बचें तथा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि शीतलहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।















Leave a Reply