Samacharaajtak Jharkhand

Truth Over Fear

घर की चौखट पर लुटा भरोसा: 80 साल के बुज़ुर्ग से दिनदहाड़े 3.8 लाख की छिनतई, CCTV में कैद बेखौफ अपराधी

हंसडीहा (दुमका)।

हंसडीहा थाना क्षेत्र में शनिवार को अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ा कि घर की चौखट भी सुरक्षित नहीं रही। सेवा निवृत्त शिक्षक एवं धान कारोबारी नंदलाल भगत (80 वर्ष) से उनके ही घर के दरवाजे पर 3.8 लाख रुपये से भरा बैग झपट लिया गया। वारदात दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नंदलाल भगत के पुत्र राजेश भगत ने एसबीआई हंसडीहा शाखा से 4.5 लाख रुपये की निकासी की थी। इसमें से 70 हजार रुपये अपने पास रखकर शेष राशि पिता को घर भेजी गई। जैसे ही नंदलाल भगत घर पहुंचे, पहले से ताक में बैठे बाइक सवार दो युवक मौका पाकर बैग छीनकर हंसडीहा चौक की ओर फरार हो गए।

छिनतई के दौरान बुज़ुर्ग नंदलाल भगत ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया, लेकिन अपराधियों ने उन्हें घसीटकर सड़क पर गिरा दिया, जिससे वे घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने शोर मचाया, पर समय पर स्थानीय लोग नहीं पहुंच सके और अपराधी भागने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी जिम्मी हांसदा एवं एसआई दिलीप हांसदा पुलिस बल के साथ सक्रिय हुए। पुलिस ने इलाके के कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिनमें अपराधियों की गतिविधियां कैद होने की पुष्टि हुई है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पहचान कर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

इस वारदात ने एक बार फिर बैंक से निकासी के बाद सुरक्षा और दिनदहाड़े बढ़ते अपराध पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि घर लौटते समय आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।

 

Please follow and like us:
0
fb-share-icon20
Tweet 20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Facebook20
X (Twitter)
Instagram
Telegram
URL has been copied successfully!