–कोहरे में पंचर बना मौत का फंदा: 100 मीटर तक घसीटा गया अनूप यादव, हाईवा चालक फरार
रिपोर्ट: रमेश कुमार
दुमका।
दुमका की सड़क उस दिन सिर्फ गाड़ियों की नहीं, मौत की भी दौड़ बन गई थी। बड़ा प्लासी के पास घना कोहरा पहले ही किसी अनहोनी का संकेत दे रहा था। उसी धुंध में रामपुर गांव निवासी अनूप यादव अपनी बोलेरो के पंचर टायर को बदल रहा था। उसे क्या पता था कि यह उसकी जिंदगी का आखिरी काम साबित होगा।
बताया जा रहा है कि सफेद बोलेरो में चार लोग सवार थे। रास्ते में टायर पंचर होने पर वाहन सड़क किनारे खड़ा किया गया। जैक लगाकर अनूप यादव टायर बदलने में जुटा था। चारों ओर घना कोहरा छाया हुआ था और दृश्यता लगभग शून्य थी। तभी तेज रफ्तार हाईवा कोहरे को चीरती हुई आई और बिना हॉर्न या ब्रेक लगाए अनूप यादव को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि हाईवा अनूप यादव को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। सड़क पर खून के निशान, टूटा हुआ जैक और बिखरा सामान उस भयावह मंजर की गवाही दे रहा था। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के पहुंचने तक अनूप यादव की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इधर रामपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। घर का चूल्हा बुझ गया है, आंगन में सन्नाटा है और परिवार सदमे में है। ग्रामीणों का कहना है कि कोहरे के दौरान तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे लगातार निर्दोष लोगों की जान जा रही है।
यह हादसा सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की उस बेरहमी की तस्वीर है, जहां रफ्तार पर लगाम नहीं और इंसानी जान की कीमत लगातार नजरअंदाज की जा रही है।















Leave a Reply