डुमरिया चौक पर बेखौफ चोरों का तांडव! मशहूर शिवा चाय टॉल में चदरा काटकर चोरी, दुकानदार ने लगाई प्रशासन से न्याय और सुरक्षा की गुहार
गोड्डा | संवाददाता
डुमरिया चौक स्थित मशहूर शिवा चाय टॉल में सोमवार की रात चोरों ने बेखौफ होकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना देर रात की बताई जा रही है, जबकि चोरी का खुलासा सुबह करीब 6:00 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान का चदरा काटकर अंदर प्रवेश किया और पान मसाला, गुटखा सहित अन्य सामान और नगद राशि पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने बगल में स्थित खाली दुकान का फायदा उठाया, जहां ताला नहीं लगा होने के कारण पहले वहां घुसे और फिर सेंडमारी करते हुए शिवा चाय टॉल तक पहुंच गए।
सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान की हालत देख उनके होश उड़ गए। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र के दुकानदारों में भय का माहौल है। पीड़ित दुकानदार ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से चोरों की जल्द गिरफ्तारी, नुकसान की भरपाई और क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डुमरिया चौक जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।
फिलहाल घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।















Leave a Reply