गोड्डा पुलिस की बड़ी कामयाबी: ट्रैक्टर चोर गिरोह का पर्दाफाश, एसपी की सख़्ती से अपराधियों में हड़कंप
गोड्डा।
गोड्डा जिले में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अब पुलिस ने निर्णायक प्रहार किया है। जिले में अपराध के खिलाफ सख़्त रुख अपनाए गोड्डा के पुलिस अधीक्षक की सक्रिय और कड़ी निगरानी का असर अब ज़मीन पर साफ़ दिखने लगा है। वाहन चोर गिरोह के खिलाफ की गई इस बड़ी कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, गोड्डा द्वारा जारी प्रेस-विज्ञप्ति के अनुसार बीते कुछ दिनों से पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र समेत जिले के विभिन्न इलाकों में ट्रैक्टर चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक, गोड्डा के नेतृत्व में एक विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया।
गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 16 दिसंबर 2025 को दुमका जिले के सरैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डाड़ी खसरा से अभिषेक कुमार उर्फ सुमित यादव को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि अभियुक्त एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह एक संगठित ट्रैक्टर चोर गिरोह का सक्रिय सदस्य है। यह गिरोह गोड्डा जिले के अलग–अलग इलाकों में रेकी कर ट्रैक्टर चोरी करता था और चोरी किए गए ट्रैक्टरों को 70 से 80 हजार रुपये में बेच देता था।
अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने एक चोरी किया गया ट्रैक्टर और ट्रेलर बरामद किया। इतना ही नहीं, इस गिरोह में शामिल पाँच अन्य अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनकी निशानदेही पर अलग–अलग स्थानों से चोरी के कई ट्रैक्टर और ट्रेलर बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। शेष फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी के वाहनों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस सख़्त कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।
Also read “भाजपा की साजिश के खिलाफ कांग्रेस सड़क पर, गांधी और मनरेगा की रक्षा का संकल्प”
गौरतलब है कि वर्तमान पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में गोड्डा पुलिस अपराध नियंत्रण को लेकर पूरी तरह मुखर और सक्रिय नजर आ रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर लगातार शिकंजा कसना इस बात का प्रमाण है कि अब गोड्डा में अपराध के दिन गिने–चुने रह गए हैं।
Report:
✍️ मोहम्मद शाहीन खान















Leave a Reply