गोड्डा में विवादित बयान पर सियासत गरमाई — मंत्री संजय यादव ने की कड़ी निंदा, बोले: “गोड्डा की गरिमा का अपमान बर्दाश्त नहीं”
गोड्डा/रांची
गोड्डा में होटल संचालक के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। झारखंड सरकार में मंत्री संजय यादव ने सोशल मीडिया पर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएँ किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं और यह सामाजिक मर्यादा व कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं।
मंत्री संजय यादव ने लिखा है कि वे वर्तमान में रांची में हैं और कल गोड्डा पहुँचकर पीड़ित संचालक से स्वयं मुलाक़ात करेंगे तथा पूरी घटना का विवरण लेंगे। साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देशित किया है कि जिस व्यक्ति की भी संलिप्तता हो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
“गोड्डा में गुंडाराज— यह शब्द गोड्डा की गरिमा के खिलाफ”
वहीं, घटना से जुड़े वीडियो में बयान देने वाले होटल के मालिक पंकज आनंद के “गोड्डा में गुंडाराज” वाले कथन पर भी मंत्री ने आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की भाषा गोड्डा की गरिमा के विपरीत है, और गोड्डा के लोग सम्मानजनक भाषा के लिए जाने जाते हैं।
मंत्री ने सवाल उठाया कि—
“जो लोग आज ‘गुंडाराज’ कह रहे हैं, वह पिछले शासनकाल में कहाँ थे, जब दिन-दहाड़े शहर में लगातार हत्या और अपराध की घटनाएँ हो रही थीं? उस समय कौन-सा राज था?”
“न्याय मिलेगा, हिंसा बर्दाश्त नहीं होगी”
मंत्री संजय यादव ने यह भी साफ किया कि प्रशासन हर पक्ष की बात सुनेगा और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में मारपीट, हिंसा या दबंगई की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस पूरे प्रकरण पर अब प्रशासनिक कार्रवाई और मंत्री की गोड्डा यात्रा पर सभी की नज़रें टिकी हुई हैं।














Leave a Reply