रिपोर्ट:- शाहिन खान
गोड्डा। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ गोड्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर थाना क्षेत्र के गुलजारबाग में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और उनके ठिकानों से कुल 22.9 ग्राम ब्राउन शुगर, दो इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और 85,920 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नेपाली मुद्रा का 25 रुपये का एक नोट भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर SDPO आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में Dedicated Anti-Narcotics Team ने 24 सितंबर को नगर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गुलजारबाग निवासी अशोक कुमार के घर से 11.5 ग्राम ब्राउन शुगर, इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन, लैपटॉप, सात मोबाइल और 77,220 रुपये बरामद हुए।
वहीं आनन्द कुमार झा के घर से 7.2 ग्राम ब्राउन शुगर, माप-तौल मशीन और मोबाइल बरामद किया गया। अंकित कुमार अग्रवाल उर्फ गोलू के पास से 4.2 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल मिला। पुलिस ने मोहन कुमार साह के पास से मोबाइल और 8,700 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में अशोक कुमार और आनन्द कुमार झा का पूर्व आपराधिक इतिहास भी दर्ज है। अशोक के खिलाफ NDPS Act से संबंधित मामला भी दर्ज बताया गया है।
नशे के कारोबार पर ‘जीरो टॉलरेंस’
गोड्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने वाले इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी नशे के अवैध कारोबार की सूचना निकटतम थाना अथवा गोड्डा पुलिस को गोपनीय रूप से देने की अपील की है।
