NUHM की समीक्षा बैठक में टीकाकरण, टीबी, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी और NCD स्क्रीनिंग की स्थिति पर मंथन
रिपोर्ट:- शाहिन खान
गोड्डा। शहरी स्वास्थ्य व्यवस्था को केवल योजनाओं तक सीमित रखने के बजाय उसका वास्तविक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर अब निगरानी तेज करने की तैयारी है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन (NUHM), गोड्डा के तहत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की शुक्रवार को समीक्षा की गई। सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में हुई बैठक में खासतौर पर लाभुकों की पहचान, समय पर स्वास्थ्य सेवा, डाटा की शुद्धता और फॉलोअप को लेकर अधिकारियों व स्वास्थ्य कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की अध्यक्षता जिला आरसीएच पदाधिकारी-सह-नोडल पदाधिकारी, NUHM डॉ. निर्मला बेसरा ने की। समीक्षा के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उपलब्धियों के साथ उन क्षेत्रों पर भी चर्चा हुई, जहां सेवाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है।
गर्भवती महिलाओं की निगरानी से लेकर बच्चों के टीकाकरण तक
बैठक में ANC और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (HRP) की स्थिति की समीक्षा की गई। गर्भवती महिलाओं को आवश्यक IFA सिरप, IFA रेड और कैल्शियम की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बच्चों के नियमित टीकाकरण और U-WIN पोर्टल पर डाटा अपडेट की स्थिति की भी समीक्षा हुई।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सर्वे रजिस्टर और ड्यू लिस्ट को लगातार अपडेट रखा जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभुक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।
टीबी और गैर-संचारी रोगों पर भी निगरानी
शहरी क्षेत्रों में चल रहे 100 दिवसीय टीबी अभियान तथा HIV/AIDS जागरूकता कार्यक्रम की प्रगति पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही NCD स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित लोगों के फॉलोअप और डाटा एंट्री को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया।
परिवार नियोजन कार्यक्रम की भी पड़ताल
बैठक में परिवार नियोजन के तहत FP-LMIS, NSV और महिला नसबंदी से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं महिला आरोग्य समिति (MAS) की नियमित बैठकों, C-BAC फॉर्म और सहिया ऐप पर डाटा अद्यतन की स्थिति भी देखी गई।
‘सही डाटा, सही समय और सही लाभुक’ पर जोर
समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट किया गया कि स्वास्थ्य योजनाओं की सफलता केवल आंकड़ों में नहीं, बल्कि उनके वास्तविक लाभुकों तक पहुंचने में है। इसलिए स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित डाटा को समय पर और सही तरीके से अपडेट करने तथा फॉलोअप को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
मदर टेरेसा एडवांस्ड हेल्थ क्लिनिक की सेवाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में अर्बन हेल्थ के हेल्थ सर्विस प्रोवाइडर, NTEP Cell के कर्मी, RI Cell के VCCM आकाश आदर्श, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक जय शंकर सहित संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे।
